Champawat में दर्दनाक सड़क हादसा, 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार में लगी आग, दो की मौत

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, खटीमा : Champawat उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लोहाघाट से आगे बापरू क्षेत्र के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही थी। मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के बाद वाहन में तेज धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।

दुर्घटना में वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, आग की चपेट में आने से जान नहीं बचा सके। हादसे में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36), बेटी अक्षिता (8) और पुत्र आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए उपजिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं तथा यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours