केदारनाथ धाम: 22 अप्रैल को खुलेंगे बाबा केदार के कपाट, भक्तों में उत्साह

खबर रफ्तार, केदारनाथ धाम: आगामी 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही यात्रा की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं और केदारपुरी क्षेत्र को भव्य रूप से फूलों से सजाया जा रहा है।

बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली रविवार को फाटा में रात्रि विश्राम के बाद आज गौरीकुंड के लिए रवाना होगी। डोली अपने तय पड़ावों से गुजरते हुए केदारनाथ धाम की ओर बढ़ रही है, और मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक है। गौरीकुंड में डोली के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को पंचमुखी उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जिसके बाद 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे निर्धारित शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य पंडित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि यात्रा से जुड़ी लगभग सभी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। केदारपुरी में होटल और धर्मशालाओं को भी सजाया-संवारा जा रहा है तथा यात्रियों के ठहरने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours