खबर रफ्तार, देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित पहलें भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण व प्रसार में अहम भूमिका निभाती हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल एक मनोरंजन माध्यम नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता जैसे उच्च आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और विशेष रूप से नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक होगी।
इस मौके पर स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस आध्यात्मिक पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

+ There are no comments
Add yours