न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: एयर कनाडा विमान की ग्राउंड व्हीकल से टक्कर

खबर रफ्तार, वर्ल्ड : अमेरिका के ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद ग्राउंड व्हीकल से टकरा गया। इस हादसे के बाद एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन ठप है। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिका के ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड व्हीकल से टकरा गया। इस टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद कुछ देर तक एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन रोकना पड़ा।

लैंडिंग के वक्त हुई टक्कर
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, सोमवार तड़के विमान लैंड करने की कोशिश में था, तभी अचानक यह हादसा हुआ। हालांकि, अभी तक इस हादसे में किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूरा एयरपोर्ट हुआ ठप
हादसे के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने ला गॉर्डिया एयरपोर्ट पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया। इसका मतलब है कि न तो कोई विमान वहां उतर सकता है और न ही उड़ान भर सकता है। प्रशासन ने शुरुआती बयान में कहा कि आपातकालीन स्थिति के कारण एयरपोर्ट को शाम 6 बजे तक बंद रखा जा सकता है।
यात्रियों के लिए बढ़ी मुश्किल
ला गॉर्डिया न्यूयॉर्क का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। इस हादसे और उसके बाद लागू हुई पाबंदियों के कारण हजारों यात्रियों के फंसने की आशंका है। एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि रनवे पर इस तरह की घटनाएं दुर्लभ होती हैं, लेकिन इनके कारण पूरे एयर ट्रैफिक नेटवर्क पर बुरा असर पड़ता है।

जानकारी के मुताबिक, कई फ्लाइट के रूट को डायवर्ट भी किया गया है। फिलहाल, एयर कनाडा और न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच टीमें मौके पर मौजूद हैं। जांच इस बात को लेकर हो रही है कि आखिर ये हादसा कैसे हुआ।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours