Uttarakhand: सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन, आज मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ

खबर रफ्तार, देहरादून : परेड ग्राउंड में आज उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके मद्देनजर यातायात विभाग की ओर से शहर के कई रूटों को बदला गया है। ऐसे में लोगों को रूट प्लान देखकर बाहर निकलना होगा। इसके अलावा पार्किंग और पिकअप प्वाॅइंट भी चिह्नित किए गए हैं।

राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ सोमवार को परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपदों में प्रसारण भी किया जाएगा।

रविवार को मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी नोडल अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने समयबद्ध और सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र के  निर्गमन की व्यवस्था
आयुक्त ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, यातायात व पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और विद्युत व साउंड सिस्टम के लिए पर्याप्त बैकअप रखा जाए।
इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण वितरण व अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के निर्गमन की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours