गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को पहुंचेंगे हरिद्वार; बैठक में पूर्व सीएम, महामंत्री, कैबिनेट मंत्री भी होंगे शामिल

खबर रफ्तार, देहरादून: सात मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार पहुंचेंगे। जहां वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। बैठक में कोर कमेटी के अलावा पूर्व सीएम, महामंत्री, कैबिनेट मंत्री भी शामिल होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को प्रदेश टोली की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के हिसाब से नब्ज टटोलेंगे। इसकी तैयारी प्रदेश संगठन ने शुरू कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार आएंगे। वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर सरकार और संगठन का ये बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। माना जा रहा है कि यहां से गृह मंत्री चुनावी बिगुल फूंकने वाले हैं।

शाह के कार्यक्रम के दौरान ही भाजपा प्रदेश टोली की बैठक होगी। इसमें कोर कमेटी के सभी सदस्यों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, सरकार के मंत्री व कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाह इस बैठक में जीत की हैट्रिक के मद्देनजर नब्ज टटोलेंगे। देखा जाएगा कि अगले चुनाव के लिए कितने मजबूत और कहां कमजोर हैं।

बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश में सरकार बदलाव की चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लगाने की तैयारी में है। अमित शाह उत्तराखंड में राजनीतिक स्थायित्व को लेकर भी संदेश देंगे। लगातार दो सरकार के बाद अगर कहीं एंटी इनकंबेंसी हुई है तो उसे प्रो इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति भी तय की जाएगी।

पीएम मोदी भी आएंगे उत्तराखंड

शाह के सात मार्च के कार्यक्रम के बाद सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। इसकी तैयारी भी संगठन ने शुरू कर दी है। इसके साथ ही भाजपा पूरी तरह से चुनावी रण में ताल ठोंक देगी।

प्रदेश टोली की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में सात मार्च को होनी है, जिसके लिए हमने तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गृह मंत्री चर्चा करेंगे। भविष्य की रणनीति को और पुख्ता किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours