खबर रफ्तार, हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने मंगलवार को अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को थाना बुग्गावाला क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि दिलनवाज निवासी ग्राम लालवाला ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना बुग्गावाला में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपह्रता की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने अहमदाबाद स्थित मीना कंपनी, चंदोडर से आरोपी दिलनवाज को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध विवेचना के दौरान पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

+ There are no comments
Add yours