खबर रफ्तार, रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में 48 घंटे के बाद एक ओर दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल, एक स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अपस्ताल भिजवाया है, जहां पर उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. बताया गया है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, वहीं इस दुर्घटना में दोनों युवक प्रशांत शुक्ला निवासी सिद्धार्थ एनक्लेव, रामनगर रुड़की और गुलशन पुत्र देशराज निवासी पूरनपुर, राजपुर कोतवाली रानीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही तत्काल कलियर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद प्रशांत शुक्ला की हालत को नाजुक देखते हुए रुड़की के सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां पर उपचार के दौरान प्रशांत शुक्ला की मौत हो गई, जिसकी पुष्टि अस्पताल के चिकित्सकों ने की है. वहीं पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है.

+ There are no comments
Add yours