बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे पिता समेत 2 की मौत, कार ने Bike को मारी टक्कर, चालक घायल

ख़बर रफ़्तार, मुरैना : बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार पिता समेत एक रिश्तेदार को कार ने टक्कर मार दी जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक बंटी कुशवाह घायल है, उसे उपचार के लिए जौरा से जिला अस्पताल रेफर किया है। जौरा पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा कायम कर मामले को जांच में लिया है।

होंडा कार ने बाइक को टक्कर मार दी

जानकारी के मुताबिक, विजयपुर तहसील क्षेत्र के सहसराम गांव में रहने वाले पीरू शाह 40 पुत्र सरदार शाह की बेटी रौनक बानो की शादी 10 अप्रैल को बीलवरा माता बैराड़ निवासी आदिल शाह पुत्र अजीज शाह के साथ होना तय हुई है। बेटी की शादी के आमंत्रण कार्ड बांटने के लिए पिता पीरू, रिश्तेदार भूरा शाह निवासी गंज रामपुर के साथ बाइक पर जा रहे थे। अगरौता चौराहे जौरा में होंडा कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

एक अन्य व्यक्ति कार से उतरकर भाग गया

हादसे में बाइक का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार पीरू शाह व भूरा शाह गंभीर घायल हो गए। उनको उपचार के लिए सिविल अस्पताल जौरा ले जाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट में कार चालक बंटी कुशवाह चोटिल हुआ है और एक अन्य कार से उतरकर भाग गया। बंटी को उपचार के लिए जौरा से जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours