खबर रफ़्तार ,रुद्रपुर:छिंदर उर्फ सुखविंदर सिंह को गाने गाने का शौक भी था। उसने अपने पैशन को प्रोफेशन बनाने का प्रयास किया। इसके लिए पंजाब में रह कर गाने लिखे और गाए भी।
नानकमत्ता के युवक के साथ एलबम भी की पर उसकी आवाज का जादू परदे पर नहीं चला तो वह चरस तस्करी में उतर गया। लेकिन गायकी की तरह नशा तस्करी भी रास नहीं आई और छिंदर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
- 2018 में पंजाब चला गया था छिंदर
टुकड़ी नानकमत्ता निवासी छिंदर सिंह को गाने का शौक चढ़ा तो वह अपने पैशन को लेकर वर्ष 2018 में पंजाब चला गया। उसने वहां चार गाने भी गाए, जिसमें से एक है जिन्ना रखदा तू डोलेया दा जोर मुंडेया इन्ना नखरो ते नखरे दा जोर चलदा है।
इसकी एलबम यू-टयूब पर भी डाली। परंतु एक वर्ष टालीवुड में जगह बनाने की आस में खासे धक्के खाए पर चार गाने गाने के साथ एलबम करने का भी सिला नहीं मिला।
- चंपावत से चरस की तस्करी करने वाले मैनेजर सिंह से मुलाकात हुई
हार कर वह 2019 में पंजाब से वापस नानकमत्ता आ गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात पहले से ही चंपावत से चरस की तस्करी करने वाले मेजर सिंह उर्फ मैनेजर सिंह के साथ हुई।
छिंदर मेजर सिंह के पैसा कमाने के बताए शार्ट कट के झांसे में आ गया और वह मेजर सिंह के साथ चंपावत से चरस की तस्करी में जुट गया। लेकिन गाने के शौक ने तो उसे सिर्फ घर वापस लौटने पर मजबूर किया पर नशा तस्करी की लत ने उसे जेल सलाखों के पीछे जाने को मजबूर कर दिया।
- लखीमपुर व पीलीभीत जनपद के बीच अपने आपको सुरक्षित मान रहा था छिंदर
पुलिस को छिंदर सिंह तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। टुकड़ी में खेती के साथ ही टाटरगंज में भी छिंदर की जमीन थी। जब अगस्त में उसका नाम चरस तस्करी में आया तो वह भाग कर टाटरगंज चला गया था। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर व पीलीभीत जनपद के दूरस्थ क्षेत्र में होने के कारण उसको पकड़ना आसान नहीं था।
वह अपने आपको वहां पर सुरक्षित मान रहा था। परंतु पुलभट्टा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद अपने संबंधों के चलते दबिश देकर छिंदर को दबोच लिया। जहां छिंदर को पकड़ा वह क्षेत्र इतना पिछड़ा था कि पुलिस को खाने के भी लाले पड़ गए थे।
- चंपावत के नशा तस्कर को पकड़ने की तैयारी
पुलिस को छिंदर सिंह से चंपावत के मुख्य तस्कर के संबंध में भी अहम जानकारी हाथ लगी है। वह भी पुलभट्टा थाने से वांछित चल रहा है। पुलिस उसकी तालाश में जुटी थी।
छिंदर से मिली जानकारी के आधार पर पुलभट्टा पुलिस नशे के कारोबार के मुख्य आरोपित को पकड़ने के लिए ताना बाना बुनने में जुट गई है।
नशा तस्करों के विरुद्ध पुलिस लगातार काम कर रही है, उनको किसी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम लगातार उनके पीछे लगी है। ऊधम सिंह नगर में नशे की चेन को तोड़ने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
– मनोज कत्याल, एसपी सिटी रुद्रपुर
 
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                             
                                            
 
                 
                                     
                                     
                                     
                             
                                                         
                                
                         
                                                 
                                                 
                                                 
                                                
+ There are no comments
Add yours