विजय हजारे ट्रॉफी: कोहली शतक के नजदीक, हिटमैन का 155 रनों का तूफान |

ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : विराट कोहली और रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए घरेलू क्रिकेट में लौट आए हैं। दिल्ली का मुकाबला आंध्र प्रदेश से और मुंबई का सामना सिक्किम से जारी है।

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बुधवार, 24 दिसंबर का दिन खास बन गया है। टीम इंडिया के दो सबसे बड़े सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आ रहे हैं। दोनों दिग्गज विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में अपनी-अपनी टीमों के लिए मैदान पर उतरे हैं और बल्ले से जलवा बिखेरा है। विराट कोहली दिल्ली की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा मुंबई की जर्सी में सिक्किम के खिलाफ तूफानी शतक जड़ चुके हैं।

दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश: कोहली की आक्रामक बल्लेबाजी
दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच मुकाबला बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। विराट कोहली दिल्ली टीम का हिस्सा हैं, जबकि कप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभाल रहे हैं। यह मुकाबला पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन अंतिम समय में वेन्यू बदल दिया गया। कोहली की घरेलू क्रिकेट में मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को काफी प्रेरणा मिल रही है। आंध्र प्रदेश ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 298 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की बल्लेबाजी जारी है। खबर लिखे जाने तक दिल्ली ने 23.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 179 रन बना लिए हैं। प्रियांश आर्या अर्धशतक लगाकर आउट, जबकि किंग कोहली 150+ के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने भी अर्धशतक लगाया। वह 70+ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

दिल्ली (प्लेइंग XI): अर्पित राणा, प्रियंश आर्या, विराट कोहली, नीतीश राणा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, सिमरजीत सिंह, हर्ष त्यागी, ईशांत शर्मा, प्रिंस यादव, नवदीप सैनी।

मुंबई बनाम सिक्किम: रोहित शर्मा का तूफानी अर्धशतक
मुंबई और सिक्किम के बीच मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में सिक्किम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा मुंबई टीम का हिस्सा हैं, जबकि कप्तानी शार्दुल ठाकुर कर रहे हैं। रोहित लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है। सिक्किम ने 50 ओवर में सात विकेट पर 236 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 29.1 ओवर में एक विकेट पर 226 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 62 गेंद में आठ चौके और आठ छक्के की मदद से शतक लगाया। इसके बाद 91 गेंद में 150 रन पूरे किए। रोहित चौके-छक्कों की बारिश कर रहे हैं।

मुंबई (प्लेइंग XI): रोहित शर्मा, अंगकृष रघुवंशी, सरफराज खान, सिद्धेश लाड, मुशीर खान, हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, शार्दुल ठाकुर (कप्तान), तुषार देशपांडे, सिल्वेस्टर डी’सूजा।

घरेलू क्रिकेट में क्यों उतरे विराट और रोहित?
बीसीसीआई ने इस सीजन से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों के लिए कम से कम दो घरेलू मैच खेलना अनिवार्य कर दिया है। इसी नियम के तहत विराट कोहली और रोहित शर्मा घरेलू क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। आमतौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट तक सीमित रहने वाले ये दोनों खिलाड़ी अब घरेलू मंच पर युवाओं के साथ खेलते दिख रहे हैं, जो फैंस के लिए एक दुर्लभ और खास मौका है।
क्या मैच का लाइव प्रसारण हो रहा है?
फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विराट और रोहित का यह मुकाबला टीवी या ऑनलाइन देखा जा सकता है। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क विजय हजारे ट्रॉफी के केवल चुनिंदा मैचों का ही प्रसारण कर रहा है। 24 दिसंबर को सिर्फ पुदुचेरी बनाम तमिलनाडु और हैदराबाद बनाम उत्तर प्रदेश के मुकाबले टीवी पर दिखाए जा रहे हैं। दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश और मुंबई बनाम सिक्किम के मैच का न तो टीवी पर प्रसारण हो रहा है और न ही लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध है।

फैंस कहां पढ़ें अपडेट?
हालांकि लाइव टेलीकास्ट नहीं है, लेकिन फैंस बीसीसीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव स्कोर और बॉल-बाय-बॉल अपडेट्स देख सकते हैं। इसके अलावा अमर उजाला पर भी दोनों मुकाबलों से जुड़े लाइव अपडेट्स और खबरें पढ़ी जा सकती हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours