ख़बर रफ़्तार, उत्तरकाशी: बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री और प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास आज उत्तरकाशी पहुंचे। जहां उन्होंने गंगनानी में मां यमुना के तट पर विशेष पूजा अर्चना की। उसके बाद यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली में यमुना के दर्शन के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि यहां वे मां यमुना की विशेष पूजा अर्चना करेंगे।
गंगनानी से धार्मिक यात्रा की शुरूआत
बता दें कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री उत्तराखंड से अपनी धार्मिक यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। दिल्ली के छतरपुर से पहले इस धार्मिक यात्रा की शुरूआत होने वाली थी लेकिन इसमें बदलाव कर दिया गया है। अब गंगनानी में कुंड के दर्शन और विशेष पूजन करने के बाद धार्मिक यात्रा शुरू की जाएगी।
यमुना में की विशेष पूजा-अर्चना
इस दौरान कुमार विश्वास ने कहा कि प्रकृति को मां मानने वाली हमारी सनातन संस्कृति के प्रबुद्ध विचारों के अनुरूप, सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण चेतना की जागृति के उद्देश्य से, माँ यमुना जी के चरण-कमलों में समस्त मानव जाति की ओर से क्षमा-प्रार्थना करते हुए बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेन्द्र शास्त्री के साथ में माँ यमुना की पूजा-अर्चना की।
गंगनानी में त्रिवेणी संगम
बता दें कि गंगनानी में त्रिवेणी संगम है। गंगनानी उत्तरकाशी जिले के बड़कोट से करीब 7 किमी यमुनोत्री की ओर सड़क मार्ग पर ही यमुना नदी तट किनारे स्थित है। यगां के प्राचीन कुंड से भागीरथी का जल निकलता है, जो कि एक जलधारा के रूप में यहां यमुना नदी से मिलता है। इसी स्थान पर सरबडियार की ओर से बहकर आने वाली केदारगंगा के मिलने से यह संगम त्रिवेणी संगम हो जाता है।

+ There are no comments
Add yours