ख़बर रफ़्तार, रामनगर (नैनीताल): कार्बेट नगरी रामनगर में लगातार पर्यटकों का दबाव बढ़ता जा रहा है। कार्बेट नेशनल पार्क के अलावा वन प्रभाग के सफारी जोन में प्रतिवर्ष पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। यही वजह है कि रामनगर में वन विभाग की ओर से दो नए पर्यटन जोन खोले जा रहे हैं। इनका शुभारंभ मुख्यमंत्री के हाथों कराने को लेकर तैयारी भी चल रही है।
कार्बेट नेशनल पार्क में ढिकाला, बिजरानी, दुर्गादेवी, झिरना, ढेला, गिरिजा व पाखरो सफारी जोन हैं। इसके अलावा कार्बेट से बाहर रामनगर वन प्रभाग का सीतावनी एवं तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाटो पर्यटन जोन भी हैं।
सीतावनी पर्यटन जोन में टेड़ा व पवलगढ़ से दो गेट हैं लेकिन पर्यटकों की संख्या हर साल बढ़ने के कारण एडवांस आनलाइन बुकिंग में भी कई पर्यटकों को परमिट नहीं मिल पाता है। ऐसे में रामनगर वन प्रभाग में ही सीतावनी के अलावा कोटा नाम से एक और पर्यटन जोन खोलने की तैयारी की जा रही है। इस जोन में जंगल का क्षेत्रफल 27 किमी है। यहां सुबह-शाम 60 जिप्सियां पर्यटकों को घुमाएंगी।
डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि तराई पश्चिमी प्रभाग के फाटो पर्यटन जोन में भी नया गेट खोलने की तैयारी पूरी कर ली है। इसका दायरा 32 किमी है। इनमें सुबह व शाम की पाली में 50 जिप्सियां सफारी के लिए भेजी जाएगी।
वर्तमान में पर्यटन जोन की स्थिति
ढिकाला जोन: आठ कैंटर
बिजरानी जोन: 60 जिप्सी
गिरिजा जोन: 60 जिप्सी
झिरना पर्यटन जोन: 60 जिप्सी
ढेला पर्यटन जोन में 30 जिप्सी
पाखरो पर्यटन जोन: 25
सीतावनी जोन टेड़ा गेट: 120 जिप्सी
सीतावनी पवलगढ़ गेट: 120 जिप्सी
फाटो पर्यटन जोन: 120 जिप्सी
(एक कैंटर में अधिकतम 16 व जिप्सी में छह पर्यटक बैठते हैं)
स्थानीय लोगों मिलेगा रोजगार
तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या के अनुसार, नए पर्यटन जोन में सफारी रूट आदि का काम चल रहा है। अब जिप्सियों के संचालन के लिए पंजीकरण शुरू किया जाएगा। इससे पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

+ There are no comments
Add yours