खबर रफ्तार, अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे से होली की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतकों युवकों में से एक की शादी 11 दिन पहले ही हुई थी।
अलीगढ़ के थाना मडराक इलाके के आगरा रोड स्थित शाहपुर गांव के पास सोमवार देर रात बाइक सवार तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
तीनों शहर के थाना सासनीगेट क्षेत्र के पला होली चौक के रहने वाले हैं और हाथरस के कस्बा सासनी में अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। एक ही मोहल्ले में दो युवकों की मौत के बाद होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
