जर्जर मकान तोड़ते समय हुआ ऐसा हादसा, एक साथ दो भाइयों की हुई मौत, पिता की हालत गंभीर

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, कुशीनगर:  रामकोला के हरपुर माफी के टोला कुंवर छपरा में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे जर्जर मकान तोड़ते समय अचानक छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से बुजुर्ग पिता व दो पुत्र घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर पहुंचीं घर की महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगीं तो आसपास के लोगाें को हादसे की जानकारी हुई।

लोगों ने काफी मशक्कत कर मलबे में दबे पिता-पुत्र को बाहर निकाल अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों भाईयों की मृत्यु हो गई। पिता जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की जानकारी पर पहुंचे एसडीएम कप्तानगंज योगेश्वर सिंह ने मामले की जानकारी ली और परिवार को सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।

बताया जा रहा कि शंकर मौर्य (68)जर्जर हो चुके पैतृक मकान के बगल में नई मकान बनवाकर रहते हैं। घटना के समय अपने दोनों पुत्र शंभू (44) और प्रभु (38) के साथ वे जर्जर मकान तोड़ रहे थे। इस बीच अचानक छत भरभराकर गिर गई और तीनों मलबे में दब गए।

इसे भी पढ़ें-गर्जिया मंदिर परिसर में लगी भीषण आग, प्रसाद की सभी दुकानें जलकर राख; पलभर में हर तरफ मच गई चीख-पुकार

तेज आवाज होने पर घर की महिलाएं भाग कर बाहर आईं तो जर्जर मकान को गिरा देख अवाक रह गईं। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने मलबे में दबे पिता-पुत्र को बाहर निकाला। एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी रामकोला ले जाया गया।

परीक्षण के पश्चात शंभू को डाक्टरों ने मृत बताया। पांच घंटे बाद प्रभु ने भी जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। शंकर जीवन-मृत्यु से जूझ रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours