खबर रफ्तार, पटना : सियासी गलियारे में सोमवार सुबह से ही हलचल तेज हो गई है। बिहार की राजनीति एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar के आवास पर जदयू के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा लगा, जहां कई अहम मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई। इसी बीच, डिप्टी सीएम Samrat Choudhary के आवास पर भी महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चला। ऐसे में आइए विस्तार से समझते हैं कि आज दिनभर बिहार की राजनीति में क्या-क्या घटनाक्रम हुए और आगे क्या होने वाला है।
15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण
सबसे बड़ी खबर यह है कि दो दिन बाद यानी 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इसको लेकर पार्टी दफ्तर से लेकर राजभवन तक तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार बैठकों का दौर जारी है।
सीएम आवास पर हाई लेवल मीटिंग
सोमवार सुबह मुख्यमंत्री Nitish Kumar के आवास पर एक हाई लेवल मीटिंग हुई। इस बैठक में जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें Sanjay Jha, Lalan Singh, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और जमा खान शामिल थे। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ करीब से बैठकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
इस बैठक में मुख्य रूप से 14 अप्रैल को होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक, जदयू कोटे से बनने वाले मंत्रियों के नाम, और निशांत कुमार को लेकर संभावनाओं पर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल गठन को लेकर अंतिम रूप देने की दिशा में यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
बैठक खत्म होने के बाद बाहर आए मंत्री जमा खान ने स्पष्ट तौर पर कहा कि 15 अप्रैल को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
डिप्टी सीएम आवास पर भी हलचल
मुख्यमंत्री आवास से निकलने के बाद Lalan Singh और Sanjay Jha सीधे डिप्टी सीएम Samrat Choudhary के आवास पहुंचे। यहां पर भी नई सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि जदयू और भाजपा के बीच तालमेल को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इधर, पटना जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एयरपोर्ट, अणे मार्ग और राजभवन की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम को लोक भवन बुलाया गया, जहां उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उन्हें कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan के पटना आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री Narendra Modi के भी पटना आने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीएम मंगलवार शाम पटना पहुंच सकते हैं और 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
भाजपा और एनडीए की अहम बैठकें
जदयू की ओर से पिछले 24 घंटे में जो बयान सामने आए हैं, उससे यह संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर जदयू ज्यादा सक्रिय भूमिका में नहीं है। पार्टी का साफ कहना है कि मुख्यमंत्री का चेहरा भाजपा तय करेगी।
वहीं भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन जारी है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि 14 अप्रैल को पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भाजपा द्वारा तय किए गए नेता को सभी सहयोगी दलों की मंजूरी दी जाएगी।
14 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और अहम जानकारी सामने आई है। 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री Nitish Kumar की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। यह बैठक मौजूदा सरकार की आखिरी कैबिनेट मीटिंग होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई जाएगी।

+ There are no comments
Add yours