ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वह 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से देहरादून से दिल्ली की दूरी अब महज ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका 28वां उत्तराखंड दौरा होगा, जिससे राज्य के प्रति उनके विशेष लगाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री एक हजार मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे। राज्य सरकार इस कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी कई बार उत्तराखंड आ चुके हैं। वह केदारनाथ धाम के पांच दौरे कर चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ और मुखबा का भी भ्रमण कर चुके हैं। पिछले वर्ष मार्च में उन्होंने उत्तरकाशी जिले के मुखबा गांव पहुंचकर मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल से शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।
उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक और कार्यात्मक संबंध रहा है। उनके नेतृत्व में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं आगे बढ़ी हैं। कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी कई बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनसे राज्य के विकास को नई गति मिली है।

+ There are no comments
Add yours