पीएम मोदी केरल दौरे पर, पलक्कड़ में रैली और त्रिशूर में करेंगे विशाल रोड शो

ख़बर रफ़्तार, कोच्चि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल दौरे पर रहेंगे, जहां वे विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में पलक्कड़ में रैली और त्रिशूर में रोड शो करेंगे। इस दौरे को चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसमें भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी रविवार को केरल के दौरे पर रहेंगे। वह 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री पलक्कड़ में एक रैली और त्रिशूर में एक विशाल रोड भी करेंगे।

पीएम ने दी जानकारी
पीएम ने भी इस दौरा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आज केरल की जनता के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं। पलक्कड़ में एक रैली को संबोधित करूंगा और बाद में त्रिशूर में रोड शो में भाग लूंगा। केरल का माहौल एनडीए के पक्ष में है। लोग एलडीएफ और यूडीएफ के कुशासन से तंग आ चुके हैं।’
कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे पलक्कड़ के फोर्ट मैदान में प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इस रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और क्षेत्र के एनडीए उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है।
पलक्कड़ का कार्यक्रम खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री पड़ोसी जिले त्रिशूर के लिए रवाना होंगे। वह त्रिशूर के कुट्टनल्लूर हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और अन्य पार्टी नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री स्वराज राउंड की ओर बढ़ेंगे। यहां वह एक भव्य रोड शो करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के इस दौरे को देखते हुए प्रशासन ने पलक्कड़ और त्रिशूर दोनों जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दोनों शहरों में ट्रैफिक नियमों में बदलाव किया गया है। एनडीए इस दौरे के जरिए चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है ताकि मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours