खबर रफ़्तार, लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शुक्रवार को राजभवन में नवनियुक्त मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश एसपी गोयल ने शिष्टाचार भेंट की। गोयल ने बृहस्पतिवार को कार्यभार संभाला।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार संभालने के बाद आईएएस अधिकारी एसपी गोयल ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। बता दें कि एसपी गोयल ने बृहस्पतिवार को ही मुख्य सचिव का पदभार संभाला।
आईएएस एसपी गोयल करीब आठ वर्ष से मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात हैं। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया था। इसके बाद अपर मुख्य सचिव के पद पर प्रोन्नत होने के बाद भी वह मुख्यमंत्री कार्यालय में ही बरकरार रहे। वह मनोज कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के वाद प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी बन चुके हैं।
बता दें कि मूल रूप से लखनऊ निवासी एसपी गोयल का जन्म 20 जनवरी 1967 को हुआ था। बीएससी (ऑनर्स) और एमसीए की पढ़ाई के बाद 1989 में उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हुआ था। उनकी पहली तैनाती इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। तत्पश्चात, बहराइच और अलीगढ़ के सीडीओ बने। वह देवरिया, मथुरा, इटावा, प्रयागराज, अलीगढ़ के डीएम भी रह चुके हैं। वहीं नियोजन, सिंचाई, कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह अक्तूबर 2014 से मई 2017 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर मानव संसाधन विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
+ There are no comments
Add yours