बड़ा सड़क हादसा: नहर में गिरी कार, महिला सहित 3 लोगों की डूबने से मौत

खबर रफ्तार, औरेया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कार गंग नहर में गिरने से यह हादसा हुआ।

यूपी के औरैया जिले के अछल्दा थाना इलाके के तुरुकपुर गांव के नजदीक निकली निचली गंग नहर में एक कार गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला और दो पुरुषों सहित कुल तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रात के समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के नीचे से निकली नहर में हुई, जब कार इटावा की तरफ जा रही थी।

सुबह के समय ग्रामीणों ने नहर में एक कार पड़ी देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद हुए। इस दुर्घटना की जानकारी मिलने पर सिंचाई विभाग ने एहतियातन नहर का पानी बंद करवा दिया है। मृतकों की पहचान राजीव कुमार गुप्ता (50), पत्नी मधू गुप्ता (48), शुभम गुप्ता (27) निवासीगण भरथना इटावा के रूप में हुई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours