बड़ी जीत की ओर भारतीय महिला हॉकी टीम, मलयेशिया पर अब तक 6-0 की बढ़त बनाई

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हांगझोऊ:  हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत महिला हॉकी टीम का सामना मलयेशिया से है। फिलहाल चौथे क्वार्टर का खेल जारी है। आखिरी क्वार्टर में वैष्णवी के पास पर लालरेमसियामी ने गोलकीपर को छकाते हुए बेहतरीन गोल दागा। इस गोल के साथ टीम इंडिया ने 6-0 की बढ़त बना ली है। भारत के लिए अब तक वैष्णवी, निशा, दीप ग्रेस इक्का, मोनिका, संगीता और लालरेमसियामी ने गोल दागे हैं।

मैच के सातवें मिनट में भारतीय टीम ने मलयेशिया पर काउंटर अटैक कर शानदार टीम गोल किया। उदिता के पास पर मोनिका ने फ्लिक से स्कोर किया। इसके बाद आठवें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर दीप ग्रेस इक्का ने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल किया। 11वें मिनट में नवनीत कौर ने फील्ड गोल किया। इसके बाद 14वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। वैष्णवी विट्ठल के बॉल इंजेक्ट करने पर नेहा ने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल किया। पहले क्वार्टर में टीम इंडिया ने मलयेशिया पर 4-0 की बढ़त बनाई थी।

दूसरे क्वार्टर में 24वें मिनट में नेहा के पास संगीता ने शानदार गोल किया। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम ने कुछ पेनल्टी कॉर्नर तो अर्जित किए, लेकिन गोल करने में नाकाम रही। हाफ-टाइम तक भारत ने मलयेशिया पर 5-0 की बढ़त बनाई हुई थी। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में मलयेशिया का डिफेंस जरूर मजबूत हुआ है। भारत के सभी काउंटर अटैक्स को मलयेशियाई टीम रोकने में कामयाब रही है।
भारतीय टीम अपने शानदार फॉर्म को यहां भी जारी रखना चाहेगी। टीम इंडिया ने पूल-ए के अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से रौंदा था। वहीं, मलयेशिया ने अपने पहले पूल मैच में हॉन्गकॉन्ग को 8-0 से हराया था। अब मलयेशिया को हराकर सविता पूनिया की अगुआई वाली भारतीय टीम सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत करने उतरी है। भारत के ग्रुप में सिंगापुर और मलयेशिया के अलावा हॉन्गकॉन्ग और दक्षिण कोरिया है।
जब आमने-सामने के मुकाबलों की बात आती है, तो भारत का मलेशिया के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। दोनों देशों के बीच खेले गए 17 मैचों में से भारत 16 में विजयी रहा, जबकि केवल एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मलयेशिया अपने तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक भारतीय टीम के खिलाफ जीत का स्वाद नहीं चख सका है। पिछली बार इन दोनों टीमों का आमना-सामना महिला एशिया कप 2022 में हुआ था, जहां भारत ने 9-0 से जोरदार जीत दर्ज की थी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours