ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र 2026 के दूसरे दिन भी दोनों सदनों की कार्यवाही हंगामे के कारण दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए।
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने NEET परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक देश के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों में कानूनी विशेषज्ञों की राय लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
यह बयान ऐसे समय आया है जब कथित NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। प्रदर्शनकारी संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की, जबकि सोमवार को संसद की ओर निकाला गया मार्च हिंसक हो गया था।
किरण रिजिजू ने बैठक को बेहद सार्थक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में भारत की उपलब्धियों, विभिन्न देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और किसानों के हितों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार उनकी भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।
