खबर रफ़्तार, अमृतसर : थाना कंबो के अधीन आते अशोक विहार रामतीर्थ रोड माहल के नजदीक अवैध खनन माफिया ने पुलिस पार्टी पर रेत से भरा टिपर चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस होमगार्ड के जवान ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई।
एएसआइ सरवन सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ अशोक विहार रामतीर्थ रोड माहल के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी कि उन्हें सूचना मिली कि श्री रामतीर्थ साइड से अवैध रेत के भरे टिप्पर अमृतसर की तरफ आ रहे है, जिनके साथ एक बोलैरो (पीबी-02-ईई-3577) में कुलदीप सिंह और हरजीत सिंह सवार होकर इन टिप्परों की निगरानी करते हुए साथ-साथ आ रहे है। अगर गाड़ियों की बारीकी से जांच की जाए तो नाजायज रेत से भरे टिप्पर काबू आ सकते है। इसके पश्चात उनकी टीम ने सड़क पर बेरिकेडिंग करके रामतीर्थ की तरफ से आ रहे व्हीकलों की चेकिंग करनी शुरु कर दी। थोड़ी देर बाद कुछ टिप्पर आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें शक होने पर रुकने का इशारा किया गया। टिप्पर चालक ने टिप्पर को रोकने की बजाय उसने अपना टिप्पर (पीबी-05-एपी-8234) पुलिस पार्टी पर मार देने की नीयत से चढ़ाने की कोशिश की।
आरोपियों की गिरफ्तारी और छापेमारी जारी
टिप्पर चालक बेरिकेडिंग तोड़ते हुए सड़क से कच्चे रास्ते की तरफ अपना टिप्पर ले गया। इस दौरान बेरिगेट के नजदीक नाके पर खड़े पुलिस होमगार्ड बलबीर सिंह ने भागकर अपनी जान बचाई। इतने में ही बोलैरो गाड़ी में सवार उक्त दोनों युवक आए। इन लोगों को वह पहले से ही जानता था। यह दोनों ही आकर पुलिस होमगार्ड बलबीर सिंह के साथ हाथापाई करने लगे और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। उसकी शर्ट पर लगी नेम प्लेट और लोगो भी तोड़ दिया। दोनों ही आरोपितों ने टिप्पर चालक को भी भगा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours