पाक महीने की खुशी मातम में बदली: बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार जीप ने बच्ची को मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

खबर रफ्तार, विकासनगर(देहरादून) : बच्ची घर के पास ही खेल रही थी। इस दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने बच्ची को टक्कर मार दी।

दिल्ली – यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को खुशहालपुर में गुरुद्वारे के पास एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की तेज रफ्तार जीप ने सड़क पार कर रही तसमीया (7 वर्ष) को टक्कर मार दी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख दिया। करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है, हालांकि पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष में शिकायत देने से इनकार कर दिया है।

जानकारी के अनुसार सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर में घर के पास ही रफाकत अंडे की ठेली लगाते हैं। उनकी बेटी घर के पास ही खेल रही थी। इस दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने बच्ची को टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों मुताबिक दुर्घटना के बाद जीप चालक जस्सोवाला के रास्ते फरार हो गया। उसके बाद ग्रामीणों ने बच्ची के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रख दिया। सड़क के दोनों और वाहनों की कतार लग गई।
सूचना पर सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसपर कार्रवाई करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने एक घंटे बाद बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाकर बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान बच्ची को टक्कर मारने वाली जीप नजर आ रही है, लेकिन उसे पर नंबर प्लेट नहीं लगी है। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया परिजन शिकायत देने से मना कर रहे हैं। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया जस्सोवाला से जमनीपुर और बरोटीवाला तक जाने वाले रास्ते के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आसपास के कोतवाली और थानों में सूचना भेजी गई है।

बच्ची का पिता घटना के बाद हो गए थे बेहोश

जीप से टक्कर के बाद रफाकत ने अपनी बच्ची को लहूलुहान देखा तो उनका कलेजा कांप उठा। वह मौके पर ही बेहोश हो गए। बच्चों की मौत के बाद से माता-पिता के आंसू नहीं थम रहे हैं।खुशहालपुर के प्रधान आजम, प्रतिनिधि शाहनवाज खान, अलादीन, शहजाद, नदीम आदि ने पुलिस से चालक पर कार्रवाई के साथ रात को वाहनों की जांच बढ़ाने की मांग की है।

पाक महीने की खुशी मातम में बदली

इन दिनों रमजान का पाक महीना चल रहा है। रमजान के चलते खुशहालपुर गांव में भी रात को भी बड़ी रौनक दिख रही है। तसमीया के पिता रफाकत की भी अच्छी आमदनी हो रही थी, लेकिन परिवार की पाक महीने की खुशी और ईद के इंतजार की उमंग एक झटके में मातम में बदल गई।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours