खबर रफ्तार, रायबरेली : रायबरेली में सांसद राहुल गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक कर पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन किया। कार्यकर्ताओं से निडर होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। युवाओं को आगे लाने पर जोर दिया।
रायबरेली में सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें लड़ते रहना है और डरना नहीं है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार धर्म का आडंबर ओढ़े हुए है, जिसे बेनकाब करना आवश्यक है। बैठक में आगामी पंचायत चुनावों में उम्मीदवारों के चयन और पार्टी की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
‘नरेंद्र मोदी यह नहीं चाहते हैं’
नरेंद्र मोदी यह नहीं चाहते हैं। वह पावर को पावर कांसेप्टेड करना चाहते हैं। वह पावर को अपने हाथों में लेना चाहते हैं और ब्यूरोक्रेसी के हाथों में डालना चाहते हैं। वह गरीबों को भूखा मारना चाहते हैं। मुख्य बात यह नहीं है कि मनरेगा का नाम बदला गया है,लेकिन नाम बदल कर गांधी जी का अपमान जरूर किया गया है। उससे बड़ी बात है कि जो गरीब जनता है, उससे प्रोटेक्शन हटा दिया गया है।
आरएसएस और नरेंद्र मोदी गांधी जी की सोच को मिटाने में लगे
आरएसएस और नरेंद्र मोदी अंबेडकर और संविधान की सोच को मिटाना चाहते हैं। गांधी जी की सोच को मिटाना चाहते हैं। आजादी से पहले जैसा हिंदुस्तान था, वैसा ही हिंदुस्तान आज भी है। जमीन छीनी जा रही है, आपके सारे हक छीने जा रहे हैं। योजनाएं छीनी जा रही हैं। योजना और उनका पैसा अदानी व अंबानी को दिया जा रहा है।
आपकी जमीन अदानी और अंबानी के हवाले की जा रही है। आप भुखमरी की ओर खड़े दिखाई दे रहे हैं। हिंदुस्तान की सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। किसानों और मजदूरों की सरकार नहीं है। इस देश को अदानी और अंबानी की सरकार से कोई फायदा नहीं होने वाला है। मनरेगा के मजदूर यहां आए हैं, आपको घबराना नहीं है। कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। हम केंद्र सरकार की योजना को सफल नहीं होने देंगे।

+ There are no comments
Add yours