खबर रफ्तार, बंगलूरू : टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद जश्न के दौरान तिरंगे के कथित अपमान को लेकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। एक वकील ने आरोप लगाया है कि पांड्या ने जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को शरीर पर लपेटकर अनुचित व्यवहार किया।
भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दी है, जिन्होंने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर क्रिकेटर के खिलाफ जांच और कार्रवाई की अपील की है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह शिकायत बंगलूरू के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है, वहीं न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि यह शिकायत पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। इस मामले में वाजिद ने पुलिस से हार्दिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
दूसरी ओर भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत कई बड़ी उपलब्धियां हासिल करने में सफल रहा। किसी टीम ने पहली बार अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीता। इसके अलावा यह लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी बन गया। भारत अब तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इससे पहले भारत ने 2007 में पहला खिताब जीता था और फिर 2024 में दूसरी बार चैंपियन बना था। ऐतिहासिक जीत के बीच अब हार्दिक पांड्या से जुड़ा यह विवाद चर्चा का विषय बन गया है, जिस पर आगे पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।

+ There are no comments
Add yours