बिहार मंदिर भगदड़: शीतला मंदिर में भगदड़ से नौ की मौत, कई घायल

ख़बर रफ़्तार, नालंदा : मंगलवार को सुबह नालंदा से भारी अमंगल की सूचना आई। जहां पूरा प्रशासनिक तंत्र राष्ट्रपति के नालंदा दौरे की तैयारियों में व्यस्त था, वहीं जिले के शीतला देवी मंदिर में भगदड़ से आठ की जान चली गई।

इधर पूरा प्रशासनिक तंत्र नालंदा में राष्ट्रपति के दौरे की व्यवस्था में लगा था, उधर जिले के बिहारशरीफ से बुरी खबर सामने आ गई। बिहार शरीफ स्थित मघड़ा स्थित माता शीतला माता के मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अचानक मची इस भगदड़ में नौ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि छह से लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों की पहचान नालंदा निवासी दयावंती देवी, मालो देवी, किरता देवी, रीता देवी, आशा देवी, रेखा देवी के रूप में हुई है। तीन अन्य की पहचान की जा रही है।

चैत्र के अंतिम मंगलवार के कारण उमड़ी भीड़
जानकारी के अनुसार, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े। भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए। नौ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

चीख-पुकार के बीच परिजनों को खोज रहे लोग
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। नालंदा पुलिस टीम की मामले की जांच में जुट गई है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। आज ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का नालंदा दौरा होने के कारण प्रशासनिक तंत्र वहां की व्यवस्था में था और इधर यह बड़ी घटना सामने आ गई। घटना के बाद एक घंटे तक लोग अपने परिजनों का पता करने में लगे रहे। ज्यादातर लोग परिवार के साथ आए थे, जिसके कारण बच्चों की संख्या भी ज्यादा थी।

मुख्यमंत्री ने छह लाख रुपये देने का किया एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं तथा राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने क्या कहा जानिए
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नालंदा के मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि मैं इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours