ख़बर रफ़्तार, बागेश्वर : Bageshwar उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरेडा (उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि उसके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित थी और फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले परियोजना अधिकारी प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। चार फाइलों के एवज में कुल 40 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी अधिकारी को कानून के शिकंजे में लाना चाहता था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शुक्रवार को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता उरेडा कार्यालय पहुंचा और परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये सौंपे। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
