ख़बर रफ़्तार, मुंबई: मुंबई के पवई स्थित रा स्टूडियो से गुरुवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक शख्स ने 15 से 20 बच्चों को स्टूडियो के अंदर बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि यह शख्स स्टूडियो में ही काम करता है। मुंबई पुलिस ने सभी बच्चों को रेस्क्यू कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बंधक बनाने वाले ने वीडियो जारी किया
बंधक बनाने वाले ने एक वीडियो भी जारी किया। इसमें वह धमकी देते हुए कह रहा है, ”मैंने एक प्लान के तहत बच्चों को बंधक बनाया है। अगर मुझे थोड़ा भी उकसाया गया तो मैं इस जगह को आग लगा दूंगा। मैंने आत्महत्या का कदम उठाने के बजाय यह प्लान बनाया था। मुझे उकसाया न जाए, नहीं तो मैं बच्चों को नुकसान पहुंचाना वाला कदम उठा लूंगा।”
इसी बीच, मुंबई पुलिस की तरफ से एक बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि आरोपी की पहचान रोहित आर्य के रूप में हुई है। उसने मुंबई के पवई में कुछ बच्चों को बंधक बना लिया। उसने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह कह रहा है कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है और अगर ऐसा नहीं किया गया तो वह आग लगा देगा और खुद को तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाएगा। यह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर नजर आ रहा है।
सभी बच्चे सुरक्षित
बाद में मुंबई पुलिस की तरफ से एक और बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि सभी बच्चों को बचा लिया गया है। वे सभी सुरक्षित हैं। रोहित आर्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे बात कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या वह वाकई मानसिक रूप से अस्थिर है।
ऑडिशन के बहाने बुलाया, लंच के लिए नहीं छोड़ा तो शक हुआ
आरोपी ने ऑडिशन के बहाने बच्चों को स्टूडियो में बुलाया था। बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी पहुंचे थे। ऑडिशन पिछले छह दिनों से चल रहा था। 20 से 25 बच्चे ऑडिशन के लिए बुलाए गए थे। जब बच्चों को दोपहर के खाने के लिए नही छोड़ा गया तो शक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चों की उम्र 15 साल के करीब थी।

+ There are no comments
Add yours