ख़बर रफ़्तार , लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादी से इनकार करने पर एक रिश्तेदार द्वारा पूरे परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज स्थित बरफ खाना मोहल्ले में रविवार तड़के एक युवक ने कथित तौर पर 20 वर्षीय युवती समेत उसके परिवार के चार सदस्यों पर तेजाब फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने चाकू से भी हमला किया। घटना में युवती, उसके माता-पिता और 15 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शादी से इनकार करने पर परिवार को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान तौसीफ उर्फ मुन्ना (35) के रूप में हुई है। वह पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है और युवती के पिता शाहनवाज के मामा का बेटा बताया जा रहा है। आरोपी परिवार के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर रहता है।
जानकारी के अनुसार, कंप्यूटर मेंटेनेंस का काम करने वाला तौसीफ अविवाहित है और अपनी उम्र से करीब 15 साल छोटी युवती से शादी करना चाहता था। परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी, सो रही युवती पर फेंका तेजाब
परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच आरोपी तेजाब और चाकू लेकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।
आरोप है कि घर में घुसते ही उसने सो रही 20 वर्षीय युवती पर तेजाब फेंक दिया और उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया। युवती की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे पिता, मां और 15 वर्षीय भाई पर भी आरोपी ने तेजाब फेंका और चाकू से हमला कर दिया।
चारों घायलों की हालत गंभीर, KGMU में चल रहा इलाज
हमले में युवती का चेहरा और शरीर तेजाब से बुरी तरह झुलस गया। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के घाव भी हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में शिफ्ट किया गया है।
वहीं, युवती की मां के सिर और चेहरे पर चाकू से गंभीर चोटें आई हैं और वह भी तेजाब से झुलस गई हैं। पिता शाहनवाज के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। 15 वर्षीय भाई के चेहरे और दोनों हाथों पर तेजाब से जलने के निशान हैं।
घायल मां ने दिखाई हिम्मत, आरोपी को दबोचा
वारदात के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी बीच एक छोटे बच्चे ने बाहर आकर पड़ोसियों को बताया कि चाचा परिवार के लोगों को मार रहे हैं।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान झुलसी हुई युवती घर से बाहर निकली, जिसे पड़ोसियों ने चादर ओढ़ाकर संभाला।
वहीं, सिर और चेहरे पर चोट लगने के बावजूद युवती की मां ने हिम्मत दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी तौसीफ को पकड़ लिया। वह उसे घर से बाहर तक लेकर आईं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी भी झुलसा
पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान आरोपी तौसीफ के ऊपर भी तेजाब गिर गया, जिससे उसका चेहरा, दाहिना हाथ और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। इसके अलावा उसने अपने दाहिने हाथ की नस काटने की कोशिश की और उसके सिर पर भी चोट आई है। उसे भी केजीएमयू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एक परिवार पर तेजाब और धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। आरोपी पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती से शादी की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने परिवार पर हमला किया।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल परिवार के चारों सदस्य और आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
