ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड की लोकभाषाओं को पहचान दिलाने की मुहिम को अब लोक गायक और गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने भी आवाज दी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी जनगणना के दौरान अपनी मातृभाषा का सही उल्लेख करने की अपील की है। इसके लिए नरेंद्र सिंह नेगी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने लोगों से स्वगणना फॉर्म के कॉलम नंबर 14 में अपनी मातृभाषा गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी या जौनपुरी दर्ज करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि अपनी भाषा बोलने वाले लोगों की सही संख्या सामने आना जरूरी है। इससे इन भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग को मजबूती मिल सकती है।
नरेंद्र सिंह नेगी ने हाथ जोड़कर की अपील
अपने वीडियो संदेश में नरेंद्र सिंह नेगी ने गढ़वाली भाषा में प्रदेशवासियों से खास आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उत्तराखंड में स्वगणना की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान सभी गढ़वाली भाई-बहन जनगणना के कॉलम नंबर 14 में अपनी मातृभाषा जरूर दर्ज करें।
उन्होंने गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और जौनपुरी बोलने वाले लोगों से अपनी-अपनी भाषा का नाम लिखने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग स्वगणना नहीं कर पा रहे हैं, वे 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को अपनी मातृभाषा की सही जानकारी दें।
आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए भाषा बोलने वालों की संख्या अहम
नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने संदेश में मातृभाषा दर्ज कराने के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की क्षेत्रीय भाषाओं को संवैधानिक पहचान दिलाने के लिए जनगणना में इनकी वास्तविक संख्या सामने आना जरूरी है।
उनका मानना है कि गढ़वाली, कुमाऊंनी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं को बोलने वाले लोगों की संख्या सही तरीके से दर्ज होने से इन्हें आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग को मजबूती मिलेगी।
16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम
बता दें कि उत्तराखंड में जनगणना की प्रक्रिया को लेकर 16 नवंबर 2026 से स्वगणना शुरू हो चुकी है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। इस अवधि में लोग स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र करेंगे।
इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से भी पूरी की जा रही है। इसके साथ ही जातिगत जानकारी भी जुटाई जानी है। जनगणना के लिए तैयार प्रश्नावली में लोगों के व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन से जुड़े करीब 40 सवाल शामिल किए गए हैं।
जनगणना में पूछे जाएंगे ये प्रमुख सवाल
जनगणना के दौरान परिवार के सदस्यों से कई तरह की जानकारियां मांगी जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
1. व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारी
-
व्यक्ति का नाम और परिवार के मुखिया से संबंध
-
लिंग, जन्मतिथि और उम्र
-
वैवाहिक स्थिति और विवाह के समय उम्र
-
जीवनसाथी का नाम
-
पिता और माता का नाम, उम्र तथा जन्म स्थान
2. सामाजिक और धार्मिक जानकारी
-
राष्ट्रीयता और धर्म
-
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य जाति का विवरण
-
दिव्यांगता से संबंधित जानकारी
-
मातृभाषा
3. शिक्षा और रोजगार
-
डिजिटल साक्षरता का स्तर
-
शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई की स्थिति
-
उच्चतम शैक्षणिक योग्यता और विषय
-
पिछले एक साल में काम करने की स्थिति
-
व्यवसाय और आर्थिक गतिविधि
-
उद्योग, व्यापार या सेवा का प्रकार
-
काम की तलाश और रोजगार के लिए उपलब्धता
-
कार्यस्थल तक जाने की दूरी और समय
4. जन्म और प्रवास से जुड़ी जानकारी
-
जन्म स्थान और पिछला निवास
-
वर्तमान निवास में आने का कारण
-
गांव या शहर में रहने की अवधि
-
स्थायी आवासीय पता
-
जीवित बच्चों की संख्या
-
अब तक जन्मे बच्चों की संख्या
-
पिछले एक साल में जीवित जन्मे बच्चों की संख्या
5. अन्य जानकारियां
-
कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ी जानकारी
-
बैंक खातों की संख्या
-
उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर
-
आधार नंबर
-
वोटर आईडी
-
पासपोर्ट नंबर
-
ड्राइविंग लाइसेंस नंबर
अपनी भाषा की पहचान दर्ज कराने का मौका
नरेंद्र सिंह नेगी की इस अपील के बाद एक बार फिर उत्तराखंड की क्षेत्रीय भाषाओं को संवैधानिक मान्यता दिलाने का मुद्दा चर्चा में आ गया है। गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और जौनपुरी यहां की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा हैं।
ऐसे में जनगणना के दौरान मातृभाषा का सही उल्लेख करना महत्वपूर्ण है। नरेंद्र सिंह नेगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और अपनी मातृभाषा का नाम सही-सही दर्ज कराएं, ताकि उत्तराखंड की लोकभाषाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
