ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Harish Rawat हरिद्वार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर तीखा बयान दिया। उन्होंने नीतीश कुमार को ‘पलटूराम’ बताते हुए कहा कि उन्होंने उनके जैसा पलटूराम कहीं और नहीं देखा।
हरीश रावत से यह सवाल दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी की ओर से नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी के संदर्भ में पूछा गया था। इस पर रावत ने कहा कि नीतीश कुमार पहले बीजेपी के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट करने में जुटे थे, लेकिन बाद में बीजेपी की ही तारीफ करने लगे।
बीजेपी पर भी साधा निशाना
हरीश रावत ने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह तब तक बीजेपी का विरोध करते रहेंगे, जब तक बीजेपी उनके दरवाजे पर आती रहेगी।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को ‘खुली किताब’ बताते हुए कहा कि जिस किसी को भी जांच करनी है, वह जांच करा सकता है। रावत ने यहां तक कहा कि उनके रिश्तेदारों की भी जांच कराई जा सकती है।
वोट चोरी के मुद्दे पर क्या बोले हरीश रावत
वोट चोरी के मुद्दे पर भी हरीश रावत ने सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर देश में वोट चोरी होती है तो चुनी हुई सरकारों का नैतिक बल समाप्त हो जाता है।
रावत ने दावा किया कि मौजूदा सरकारों का नैतिक बल खत्म हो चुका है और वोट चोरी से सरकार बनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब ऐसी सरकारों के जाने का समय आ गया है।
‘टाइगर इज बैक’ पोस्टर ने खींचा ध्यान
गुरुवार, 1 अक्टूबर को हरीश रावत ने हरिद्वार में धन्यवाद संवाद यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। उनकी यात्रा का रूट हरिद्वार से लक्सर होते हुए खानपुर तक रहा।
हरीश रावत बड़े काफिले के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान सबसे आगे चल रहे वाहन पर ‘Tiger Is Back’ का पोस्टर दिखाई दिया। पोस्टर में जींस और शर्ट पहने हरीश रावत की तस्वीर लगी थी। रावत ने इसे समर्थकों की ओर से उनके सम्मान और स्वागत के प्रयास के तौर पर बताया।
अनुपमा रावत भी यात्रा में हुईं शामिल
मैंगो फार्म हाउस के पास हरिद्वार ग्रामीण की कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने भी समर्थकों के साथ अपने पिता हरीश रावत का स्वागत किया और यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा का समापन खानपुर विधानसभा क्षेत्र में होना है।
‘परिवर्तन आना चाहिए’ का दिया संदेश
हरीश रावत ने कहा कि उनकी धन्यवाद संवाद यात्रा का मुख्य संदेश यही है कि अब देश और प्रदेश में परिवर्तन आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है और इसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें पहले भी बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया है। रावत के मुताबिक, लोगों के इसी आशीर्वाद और समर्थन की वजह से वह स्वस्थ होकर फिर से राजनीति में सक्रिय हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद उनकी शक्ति रहा है और आगे भी वह इसी आशीर्वाद के आकांक्षी रहेंगे।

+ There are no comments
Add yours