ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun उत्तराखंड में नशे और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 8.73 ग्राम MDMA के साथ केरल के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पिथौरागढ़ के बेरीनाग में साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने वाले कथित म्यूल अकाउंट गैंग के दो सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
MDMA के साथ दो छात्र गिरफ्तार
देहरादून पुलिस के मुताबिक, एसएसपी के निर्देश पर ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 30 सितंबर को प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पौंधा के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा।
गिरफ्तार दोनों आरोपी केरल के मलप्पुरम के रहने वाले हैं और वर्तमान में प्रेमनगर के ठाकुरपुर रोड क्षेत्र में रह रहे थे। दोनों निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से 4 ग्राम और दूसरे के कब्जे से 4.73 ग्राम MDMA बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
छात्रों को ड्रग बेचने की तैयारी का आरोप
थाना प्रभारी प्रेमनगर गिरीश नेगी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर महंगे शौक पूरे करने के लिए कम कीमत पर MDMA खरीदकर लाए थे। पुलिस का दावा है कि उनका इरादा इसे शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने का था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours