सिविल सेवा परीक्षा 2024: टॉप 10 सूची में जगह बनाने वाले उत्तर प्रदेश के निवासी टॉपर शक्ति दूबे |

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार, लखनऊ:  सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट में उत्तर प्रदेश के भी मेधावियों ने भी मेरिट में जगह बनाई है। पिछले साल राजधानी लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव ने ऑल इंडिया टॉप पर लखनऊ का परचम लहराया था लेकिन इस बार मेरिट सूची के अनुसार शहर के कुमुद मिश्रा को जहां 69 रैंक मिली वहीं यहां से टॉप 10 में कोई मेधावी नहीं आ सका।

हालांकि पूरे राज्य की बात करें तो टॉप 10 सूची में जगह बनाने वाले कुछ अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। टॉपर शक्ति दूबे, प्रयागराज की निवासी हैं, और फिलहाल दिल्ली में रह कर तैयारी कर रहीं थीं। वहीं टॉप टेन में 10वें स्थान पर मयंक त्रिपाठी कन्नौज के रहने वाले हैं। इसके अलावा लखनऊ, हापुड़, बरेली, सीतापुर समेत कई जिलों के होनहार मेरिट लिस्ट में शामिल हैं। गोरखपुर में एसडीएम रहे शिवम सिंह ने 73वीं रैंक के साथ लगातार दूसरी बार यूपीएससी में सफलता हासिल की।

इस कड़ी में लखनऊ से प्रशांत सिंह ने ऑल इंडिया 102वीं रैंक हासिल कर चौथे प्रयास में सफलता हासिल की। प्रशांत ने कहा कि ईमानदारी से मेहनत से की जानी चाहिए और असफल होने पर भी हार न मानिए, कामयाबी अवश्य मिलेगी। प्रशांत के पिता सुशील सिंह सरकारी सेवा में हैं। मां कनकलता गृहणी हैं। वह जौनपुर जिले के खलीलपुर गांव के मूल निवासी हैं।

राजस्व सेवा में हैं कन्नौज के मयंक त्रिपाठी

कन्नौज निवासी मयंक त्रिपाठी ने दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से पढ़ाई की है। मयंक ने वर्ष 2023 में भी संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण की थी और फिलहाल भारतीय राजस्व सेवा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले मयंक ने उप्र. लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए वर्ष 2022 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनाती पाई थी।

गोरखपुर एसडीएम की आई 73वीं रैंक

गोरखपुर में एसडीएम रहे शिवम सिंह ने भी 73वीं रैंक के साथ लगातार दूसरी बार यूपीएससी में सफलता हासिल की। 2023 में भी सफलता मिली थी, लेकिन रैंक उनके मुताबिक नहीं होने से उन्होंने यूपीएससी 2024 में भी ट्रेनिंग के साथ परीक्षा दी और अपना लक्ष्य हासिल किया।

यूपी के कई मेधावी संभालेंगे प्रशासनिक कमान

यूपी के मेधावियों की सूची देखें तो पाएंगे लखनऊ के कुमुद मिश्र को 69 रैंक, हापुड़ के शगुन कुमार को 100वीं रैंक, सीतापुर से मयंक बाजपेई को 149 रैंक, बरेली के आयुष जायसवाल को 178 वीं प्रतापगढ़ के सौम्य शर्मा को 218 रैंक, गौतमबुद्ध नगर के आंचल आनंद को 399 रैंक, जालौन के अश्वनी शुक्ला की 423 रैंक, सुल्तानपुर की दिशा द्विवेदी को 672 रैंक, लखनऊ के ही मनीष कुमार को 748 रैंक, लखनऊ के हिमांशु मोहन को 821 रैंक और लखनऊ के नैंसी सिंह को 970 रैंक मिली है।

पेशकार हैं शक्ति दुबे के पिता

प्रयागराज के शक्ति दुबे ने यूपीएससी सिविल सेवा अंतिम परीक्षा 2024 में टॉप किया है। शक्ति दुबे ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद बीएचयू से बायोकेमिस्ट्री में एमएससी किया। 2018 में पोस्ट ग्रेजुएट होने के बाद शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। शक्ति के पिता देवेंद्र द्विवेदी डीसीपी ट्रैफिक के पेशकार हैं।

लखनऊ के 4 और प्रयागराज के 2 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना से पढ़ाई करने वाले 13 मेधावी छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में अभ्युदय कोचिंग के 166 सेंटर्स संचालित हैं। इन सेंटर्स में पढ़ाई कर शगुन कुमार ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 100वीं रैंक हासिल किया है इन्होंने हापुड़ सेंटर से पढ़ाई की, जबकि मयंक बाजपेई (सीतापुर) को 149वीं रैंक मिली। आयुष जायसवाल (बरेली) ने 178वीं और अदिति दुबे (लखनऊ) ने 180वीं रैंक के साथ सफलता अर्जित की। सौम्या शर्मा (प्रतापगढ़) ने 218वीं रैंक, प्रतीक मिश्रा ( प्रयागराज) ने 234वीं और आंचल आनंद( गौतमबुद्ध नगर) ने 399वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा अश्वनी शुक्ला (जालौन) ने 423वीं, उदित कुमार सिंह(प्रयागराज) ने 668वीं, दिशा द्विवेदी(लखनऊ) ने 672वीं, मनीष कुमार (लखनऊ) ने 748वीं, हिमांशु मोहन(अयोध्या) ने 821वीं तथा नैन्सी सिंह(लखनऊ) ने 970वीं रैंक हासिल की।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए योगी ने कहा कि प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त कर हम सभी का मानवर्धन करने वाली प्रदेश की बेटी शक्ति दुबे को बहुत-बहुत बधाई। योगी ने कहा कि पूरा विश्वास है कि आप सभी नेशन फर्स्ट के संकल्प, प्रखर लोकनिष्ठा एवं अटूट सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर ”विकसित भारत” के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours