प्रदूषण से बचने की है मुहिम, देहरादून की हवा पर नजर आज से 15 दिन तक रखी जाएगी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून:  देहरादून की हवा की गुणवत्ता अभी मध्यम स्तर की है। हम न तो सुरक्षित जोन में हैं और न ही खराब स्थिति में। हालांकि, दून की हवा की गुणवत्ता को काफी हद तक वाहनों की रेलमपेल और जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल-मिट्टी खासी प्रभावित करती है।

हमारी हवा की गुणवत्ता खराब स्थिति में जा पाए, इसके लिए नागरिकों की भागीदारी भी बेहद आवश्यक है। खासकर दीपावली के दौरान हमारी हवा की गुणवत्ता खराब से लेकर बेहद खराब स्थिति तक चली जाती है।

हवा की गुणवत्ता पर रखी जाएगी नजर

दून शहर एक घाटी के बीच में है, लिहाजा वायु प्रदूषण को बाहर निकलने में लंबा समय लग जाता है। दीपावली नजदीक है और इस दौरान हवा की गुणवत्ता पर पड़ने वाले असर पर बारीकी से नजर रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रविवार से 24 घंटे थर्ड पार्टी मानिटरिंग करेगा। इस तरह दीपावली से पहले पांच नवंबर और दीपावली के बाद 19 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। यह निगरानी नैनीताल में भी 15 दिन तक की जाएगी।

एक्यूआई पर रखेंगे नजर

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आरके चतर्वेदी के अनुसार, दीपावली के मद्देनजर दून में घंटाघर व नेहरू कॉलोनी, जबकि ऋषिकेश में एक स्थल पर हवा की गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। देखा जाएगा कि दीपावली से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) क्या था और दीपावली के दौरान इसमें कितनी बढ़ोतरी हुई। दीपावली के बाद कि निगरानी से यह पता चलेगा कि हवा की गुणवत्ता को सामान्य स्थिति में पहुंचने में कितना समय लगा।

पिछले कुछ सालों में ऐसा रहा हाल

वर्ष 2021 की दीपावली की बात करें तो एक्यूआई बेहद खराब स्थिति में 300 पर पहुंच गया था। वर्ष 2020 की दीपावली की बात करें, तब भी एक्यूआई 300 पर था। पिछली दो दीपावली के बाद नागरिकों ने समझदारी दिखाई और पटाखे जलाने में हाथ रोक कर रखे। जिस कारण वर्ष 2022 की दीपावली में एक्यूआई मध्यम श्रेणी में 300 से कम रहा। यदि दून ने इसी तरह हवा की गुणवत्ता के प्रति संवेदनशीलता दिखाई तो वायु प्रदूषण को नियंत्रण में रखा जा सकता है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours